Adityapur Political Violence: कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंबुज कुमार पर हमला‚ थाने में दर्ज कराई शिकायत
सरायकेला-खरसावां जिले के कांग्रेस कार्यकारी जिला अध्यक्ष अंबुज कुमार पर बीती रात अज्ञात हमलावरों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। यह घटना गुरुवार देर रात करीब 11:15 बजे की है जब अंबुज कुमार निजी काम से लौट रहे थे। आदित्यपुर शेरे पंजाब चौक के पास सर्विस लेन स्थित एक दुकान के पास पहले से घात लगाए असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला बोल दिया।
हरवे-हथियार से किया गया हमला‚ घायल हुए नेता
घटना के समय हमलावर हथियारों से लैस थे और उन्होंने अंबुज कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में अंबुज कुमार घायल हो गए। लहूलुहान अवस्था में वे देर रात ही आदित्यपुर थाना पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
समर्थकों के साथ पहुंचे थाना‚ कार्रवाई की मांग
घटना के अगले दिन शुक्रवार दोपहर अंबुज कुमार दोबारा आदित्यपुर थाना पहुंचे, इस बार अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ। उन्होंने हमलावरों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सवाल भी उठाए और कहा कि यह घटना इस बात का संकेत है कि अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस विफल साबित हो रही है।
पुलिस पर गंभीर आरोप‚ कानून व्यवस्था पर सवाल
अंबुज कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि एक जनप्रतिनिधि पर इस प्रकार सरेआम हमला होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।