Potka Road Tragedy: पोटका थाना क्षेत्र के हाता धर्मकांटा के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार से आ रही एक हाइवा ने बाइक सवार को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के रूपा नाचना निवासी लक्ष्मण महाकुड़ के रूप में हुई है। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर बाइक पर चढ़ गई। तेज टक्कर के कारण लक्ष्मण महाकुड़ को बचने का कोई मौका नहीं मिल पाया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने हाता–ओड़िशा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। मृतक को न्याय दिलाने की मांग करते हुए लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू किया। भीड़ के आक्रोश के कारण पुलिस को शव उठाने तक नहीं दिया गया।मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए कई प्रमुख मांगें रखीं—धर्मकांटा क्षेत्र में बड़े वाहनों की अवैध पार्किंग पर पूर्ण रोकहल्दीपोखर रेलवे साइडिंग से होने वाली ओवरलोडिंग को तत्काल बंद किया जाएतेज रफ्तार हाइवा वाहनों पर सख्त निगरानी और कार्रवाईइन मांगों को लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी जनता का साथ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास करने लगी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने सड़क को आंशिक रूप से खाली कराया।हादसे में शामिल हाइवा को पुलिस ने जप्त कर लिया है और चालक की भूमिका व अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
सूरज मंडल (जिला परिषद सदस्य) ने कहा कि बार-बार सड़क हादसों के बावजूद प्रशासनिक लापरवाही जारी है और अब कड़े कदम उठाने की जरूरत है।देवी कुमारी भूमिज (मुखिया) ने मांग की कि धर्मकांटा और साइडिंग क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर तत्काल लगाम लगाई जाए, वरना आंदोलन और तेज किया जाएगा।


