Kolabira Accident: सरायकेला-खरसावां जिले के कोलबीरा स्थित रामा इंफ्राटेक कंपनी के निर्माणाधीन शेड में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां काम कर रहे मजदूर सन्नी यादव की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह निर्माण स्थल पर कार्यरत था तभी अचानक उसका पैर फिसला और वह नीचे आ गिरा।
हादसा होने पर उसके सहकर्मियों ने तुरंत उसे आनन-फानन में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को टीएमएच में ही रोका गया है और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
मृतक की पहचान परसुडीह के कीताडीह मानसा मंदिर के पास रहने वाले राजू बगान के बेटे सन्नी यादव के रूप में हुई है। सन्नी की हाल ही में शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी तथा परिवार का इकलौता सहारा था।
तो प्राप्त जानकारी के अनुसार इस निर्माण कार्य का ठेका बालाजी इंफ्राटेक को दिया गया है। परिजनों और कुछ मजदूरों का आरोप है कि कंपनी और ठेकेदार द्वारा यहां सुरक्षा मानकों की खुलकर अनदेखी की जा रही थी। मृतक के पिता रामचंद्र यादव ने बताया कि मजदूरों को बिना किसी सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट या सुरक्षा उपकरण के ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही की वजह से ही उनके बेटे की जान गई है।
सन्नी के पिता और परिवारवालों ने कंपनी और निर्माण ठेकेदार पर सीधा आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है और कंपनी को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।


