Adityapur Rail Mishap: आदित्यपुर रेलवे यार्ड के पास बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, शर्मा बस्ती की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे रेलवे यार्ड की दीवार तोड़ते हुए भीतर घुस गई।दीवार तोड़ने के बाद यह बिना रुके दूसरी खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मालगाड़ियों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए, जिससे पूरे यार्ड क्षेत्र में भगदड़ मच गई।
हादसे के वक्त यार्ड में कई मजदूर काम कर रहे थे। टक्कर की आवाज सुनते ही सभी ने भागकर खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते सतर्कता बरतने से बड़ी जनहानि टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के वक्त मालगाड़ी बिना इंजन के पटरियों पर दौड़ रही थी, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि ब्रेक फेल या तकनीकी खराबी इस दुर्घटना का कारण हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त डिब्बों की जांच शुरू कर दी है। यार्ड के क्षतिग्रस्त हिस्से को खाली कराने और पटरियों को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ब्रेक सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
दुर्घटना के बाद रेलवे कर्मियों ने क्रेन और तकनीकी उपकरणों की मदद से पटरियों से क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। यार्ड क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी असुविधा या दोबारा दुर्घटना से बचा जा सके।रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही ट्रैक बहाल कर संचालन सामान्य कर दिया जाएगा।


