Seraikela Kharsawan News: सारायकेला जिले के खरसावां प्रखंड अंतर्गत कृष्णापुर पंचायत के टोला गोलमायसाई में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें तीन वर्षीय मासूम बच्ची श्रद्धा नापित की मौत हो गई। हादसा रात करीब एक बजे उस समय हुआ, जब श्रद्धा अपनी मां पूजा नापित के साथ कच्चे मकान में सो रही थी। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवार में नमी आ गई थी और वह अचानक गिर पड़ी। दीवार बच्ची के ऊपर आ गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां पूजा नापित बाल-बाल बच गईं।
घटनाक्रम और पारिवारिक स्थिति
हादसे के वक्त श्रद्धा के पिता आनंद नापित अपने बहन के घर गए हुए थे। पूरा परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और किराए के कच्चे मकान में रह रहा था। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलवा हटाया, लेकिन तब तक बच्ची की जान जा चुकी थी।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से हो रही मूसलधार बारिश के कारण दीवार में दरारें पड़ गई थीं और मिट्टी भीग चुकी थी, जिससे उसका गिरना तय था। लोगों ने बताया कि मकान की मरम्मत कराने की आर्थिक स्थिति परिजनों की नहीं थी।
विधायक प्रतिनिधि पहुंचे मौके पर, मदद का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप उर्फ नायडू गोप घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए आर्थिक सहयोग भी उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं अत्यंत पीड़ादायक हैं और सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस मौके पर पूर्व मुखिया दशरथ सोय, चिंतामणि महतो, पंचायत सदस्य रामलाल महतो और केशवलाल महतो भी पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की, ढांढस बंधाया और सरकारी मदद दिलाने के लिए तत्परता दिखाई।
गांव में शोक, प्रशासन से मांग
गोलमायसाई सहित पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे जर्जर और कच्चे मकानों की पहचान कर राहत और मरम्मत के लिए विशेष योजना चलाई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।


