0Jharkhand News: झारखंड में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पांच जगहों पर नए भवन बनाने की योजना तैयार की गई है. इसके तहत स्मार्ट थाना, सामान्य थाना, ट्रैफिक थाना और पुलिस आउटपोस्ट यानी ओपी भवन बनाए जाएंगे. वित्तीय वर्ष 2026-27 की राज्य योजना के तहत इन निर्माण कार्यों के लिए करीब 13.86 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
टेल्को में बनेगा स्मार्ट थाना
प्रस्ताव के मुताबिक, जमशेदपुर के टेल्को में स्मार्ट थाना भवन बनाया जाएगा. इस पर सबसे ज्यादा 5.44 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. वहीं, देवघर जिले के पथरोल में नया थाना भवन बनाने की योजना है. इसकी अनुमानित लागत 3.17 करोड़ रुपये रखी गई है.
रांची, पाकुड़ और गिरिडीह में भी निर्माण
राजधानी रांची के गोन्दा इलाके में ट्रैफिक थाना भवन बनाया जाएगा. इसके लिए 2.04 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है. पाकुड़ जिले के रद्दीपुर में नया ओपी भवन बनेगा. इस पर करीब 1.59 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. गिरिडीह जिले के गुनियाथर में भी ओपी भवन बनाने की योजना है. यहां निर्माण की अनुमानित लागत 1.59 करोड़ रुपये रखी गई है.
डीजीपी कार्यालय ने भेजा था प्रस्ताव
इन पांचों परियोजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति के लिए डीजीपी कार्यालय ने 29 जून को गृह विभाग को प्रस्ताव भेजा था. भवनों के नक्शे, तकनीकी रिपोर्ट और लागत का आकलन झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रांची ने तैयार किया है. निर्माण की लागत तय करने में झारखंड अनुसूचित दर, जो 28 जुलाई 2022 से प्रभावी है, के साथ डीएसआर 2023 और विद्युत डीएसआर 2022-2023 के मानकों का इस्तेमाल किया गया है.


