Jamshedpur News: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन का बुधवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के एजीएम मनीष जैन ने निरीक्षण किया. उनके साथ चक्रधरपुर के डीआरएम तरुण हुरिया भी मौजूद रहे. एजीएम ने टाटानगर स्टेशन के सेकंड एंट्री की तरफ स्टेशन परिसर का जायजा लिया. इस दौरान स्टेशन पर चल रहे काम और सुविधाओं को और बेहतर करने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई.
दिसंबर 2028 तक स्टेशन पुनर्विकास का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की भी समीक्षा की गई. रेलवे ने इस काम को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है. पत्रकारों के सवाल पर एजीएम मनीष जैन ने कहा कि स्टेशन से जुड़े सभी पहलुओं को देखा और समझा जा रहा है. काम को सिस्टम के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है.
वंदे भारत डिपो और थर्ड लाइन पर भी चर्चा
टाटानगर में प्रस्तावित वंदे भारत कोचिंग ट्रेन डिपो की योजना की भी समीक्षा की गई. इसके अलावा टाटानगर-आदित्यपुर थर्ड लाइन का काम जल्द शुरू करने को लेकर भी चर्चा हुई. रेलवे के मुताबिक, दिसंबर 2026 तक खड़गपुर, आगरा और रांची डिवीजन में एनआई का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने रखी मांग
निरीक्षण के दौरान सिख समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी एजीएम मनीष जैन से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने जलियांवाला बाग ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की मांग रखी. इस पर एजीएम ने कहा कि यह मामला रेलवे बोर्ड के स्तर का है. प्रतिनिधिमंडल की मांग को बोर्ड तक पहुंचाने की बात कही गई.
यात्रियों को बेहतर सुविधा देने पर जोर
एजीएम ने कहा कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेलवे की व्यवस्था को और बेहतर करना है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि रेलवे को नुकसान न हो और यात्रियों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके. निरीक्षण के दौरान रेलवे के कई अधिकारी भी मौजूद रहे.


