Jamshedpur News: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. घटना भालुबासा हरिजन बस्ती की है. मृतक की पहचान जीतू मुखी के रूप में हुई है. वह एक ठेका कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर काम करता था और उसके दो बच्चे हैं.
घर में अकेला था जीतू
घटना रविवार शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है. उस समय जीतू घर में अकेला था. उसकी पत्नी काम पर गई थी, जबकि दोनों बच्चे भी घर पर नहीं थे. शाम को परिजन घर पहुंचे तो जीतू को फंदे से लटका पाया. इसके बाद परिवार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
आर्थिक परेशानी की भी बात सामने आई
परिजनों के अनुसार, जीतू पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था. बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक तंगी से भी गुजर रहा था. हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.


