Republic Day Rehearsal: सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित भगवान बिरसा मुंडा मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस अंतिम पूर्वाभ्यास के माध्यम से प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि 26 जनवरी को होने वाला मुख्य समारोह पूर्ण अनुशासन, गरिमा और समयबद्धता के साथ संपन्न हो।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने परेड में शामिल सभी प्लाटून को आपसी तालमेल और अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परेड की एकरूपता और समन्वय से ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर आकर्षक और गरिमामय प्रस्तुति संभव हो पाएगी।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड में कुल 11 प्लाटून भाग लेंगे। इनमें जिला पुलिस के दो प्लाटून, होमगार्ड का एक, सीआरपीएफ का एक, महिला पुलिस बल का एक, एनसीसी का एक तथा विभिन्न विद्यालयों के चार प्लाटून शामिल हैं। रिहर्सल के दौरान झंडोत्तोलन, राष्ट्रगान एवं मुख्य समारोह से जुड़े सभी कार्यक्रमों का क्रमवार पूर्वाभ्यास किया गया।
रिहर्सल के उपरांत उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और अधिक से अधिक संख्या में समारोह में उपस्थित होकर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाने की अपील की। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, अपर निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


