BJP Slams Government: भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू अपने पदभार ग्रहण के उपरांत पहली बार मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के परी सदन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया, जहां उन्होंने झारखंड सरकार पर तीखे और गंभीर आरोप लगाए।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में अपराध के आंकड़े तेजी से बढ़े हैं और राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने दावा किया कि जमशेदपुर में पिछले 11 दिनों से युवा उद्यमी कैरव गांधी लापता हैं, लेकिन पुलिस अब तक उन्हें खोजने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के एसएसपी इस मामले में कोई ठोस जानकारी नहीं दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजधानी रांची में जब बच्चों के अपहरण की घटनाएं सामने आई थीं, तब भाजपा द्वारा रांची पुलिस मुख्यालय का घेराव करने के बाद महज दो दिनों में बच्चे सकुशल वापस मिल गए थे। इसी तरह ओरमांझी में भी कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए, लेकिन जमशेदपुर में पुलिस का डर अपराधियों के बीच पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के एसएसपी केवल घर से कार्यालय और कार्यालय से घर तक सीमित रह गए हैं।
आदित्य साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर अपहृत युवा उद्यमी को जल्द सकुशल बरामद नहीं किया, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले सहित राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर 27 जनवरी को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के डीजीपी से मुलाकात करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि 28 जनवरी को वे स्वयं देश के गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी सरकार में आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही है, महिलाएं असुरक्षित हैं, कोयले की तस्करी हो रही है और कई इलाकों में बच्चे लापता हैं।
सारांडा को नक्सल मुक्त बनाने के लिए चलाए गए ऑपरेशन को लेकर आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने मार्च महीने तक देश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और उसी दिशा में यह एक सकारात्मक और निर्णायक कदम है।


