Mango Civic Protest: जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 36 के कृष्णा नगर, शांति नगर और लक्ष्मण नगर के निवासी पिछले डेढ़ वर्ष से गंदगी और नगर निगम की कथित बेरुखी से त्रस्त हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के समय किए गए वायदों के बाद अब जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को क्षेत्र की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। हालात ऐसे हैं कि पूरा इलाका गंदगी के ढेर पर बैठा नजर आ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार क्षेत्र में न तो नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जा रही है और न ही स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त है। कई स्थानों पर नाले जाम पड़े हैं, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि होल्डिंग टैक्स समय पर जमा करने के बावजूद उन्हें बुनियादी नागरिक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
क्षेत्रवासियों ने स्थानीय विधायक सरयू राय पर चुनावी वायदों से मुकरने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि जीत के बाद विधायक ने इलाके की सुध नहीं ली। इसी तरह मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार के खिलाफ भी नाराजगी खुलकर सामने आई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विधायक और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आंदोलन की पहली कड़ी के रूप में क्षेत्रवासी श्रमदान कर नालों की सफाई करेंगे। इसके बाद भी अगर नगर निगम प्रशासन नहीं जागा तो निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार लंबे समय से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र और मानगो नगर निगम में पदस्थापित हैं और सरकार चाहे जिसकी भी हो, वे अपनी स्थिति बनाए रखने में सफल रहते हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारी सिर्फ सत्ता के साथ तालमेल बैठाकर लाभ उठाते हैं, जबकि जनता की समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि अब जनता जाग रही है और अगर हालात नहीं बदले तो आने वाले दिनों में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।


