Jamshedpur Police Alert: नए साल पर पुलिस हाई अलर्ट‚ शहर भर में कड़ी निगरानी

Jamshedpur Police Alert: नए साल के जश्न को लेकर जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की हुड़दंग की घटना को रोकने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पिकनिक स्पॉट्स एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष पुलिस

Facebook
X
WhatsApp

Jamshedpur Police Alert: नए साल के जश्न को लेकर जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की हुड़दंग की घटना को रोकने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पिकनिक स्पॉट्स एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष पुलिस बल के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग स्वयं एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी द्वारा की जा रही है।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि नए साल के अवसर पर बेहतर निगरानी के लिए पूरे शहर को 32 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में शक्ति टीम की तैनाती के साथ-साथ डीएसपी रैंक के पदाधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।

सिटी एसपी ने स्पष्ट कहा कि नए साल के उत्साह में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रफ ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव या किसी भी तरह से नियम-कानून की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कानून तोड़ते हुए पकड़ा जाएगा, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

नए साल के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि यातायात सुचारू रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शहरवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए उनसे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि जमशेदपुर के लोग शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल में नए साल का जश्न मना सकें।

TAGS
digitalwithsandip.com