Assembly Committee Visit: झारखंड विधानसभा की प्रश्न क्रियान्वयन समिति शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंची, जहां समिति के सदस्यों ने जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य जिले में संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेना और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
समिति द्वारा आयोजित बैठक में जिले भर में चल रही विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समिति के सदस्य सह खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने बताया कि विधानसभा में विधायकों द्वारा उठाए गए प्रश्नों पर संबंधित विभागों से सीधे संवाद कर उनके निराकरण की प्रक्रिया अपनाई जाती है। उन्होंने कहा कि प्रश्न क्रियान्वयन समिति का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विधानसभा में उठे मुद्दे केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर उनका समाधान हो।
राम सूर्या मुंडा ने कहा कि समिति लगातार योजनाओं की निगरानी कर रही है, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं।
बैठक के बाद विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि जिले में अधिकांश कार्य सुचारु रूप से चल रहे हैं और आने वाले समय में सभी योजनाओं का निष्पादन तय समय-सीमा के भीतर कर लिया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक समन्वय की सराहना करते हुए इसे विकास की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।


