Jamshedpur Lit Fest: जमशेदपुर में साहित्य, कला और विचारों का बड़ा संगम देखने को मिलेगा। विद्यादीप फाउंडेशन की ओर से जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2025 का आयोजन आगामी 20 और 21 दिसंबर को बिस्टुपुर में किया जाएगा। इसकी जानकारी 15 दिसंबर को आयोजित प्रेस वार्ता में फेस्टिवल के संयोजक संदीप मुरारका ने दी।
आयोजकों के अनुसार इस साहित्यिक महोत्सव में देश और विदेश से लेखक, पत्रकार, कलाकार, प्रशासक और पद्मश्री सम्मानित हस्तियां भाग लेंगी। यह फेस्टिवल केवल साहित्य तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कला, संस्कृति और समकालीन विचारों पर व्यापक संवाद का मंच बनेगा।
दो दिवसीय आयोजन के दौरान साहित्यिक चर्चाएं, विषय आधारित सत्र, कार्यशालाएं, सम्मान समारोह और बुक फेयर आयोजित किए जाएंगे। पत्रकारिता, पर्यावरण, जनजातीय अधिकार, डिजिटल साहित्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद होगा। साथ ही स्थानीय साहित्यकारों को भी सम्मानित किया जाएगा।
फेस्टिवल में फिल्म जगत से अभिनेता पंकज झा, राजेश जैस और प्रसिद्ध निर्देशक अभिषेक चौबे शिरकत करेंगे। वहीं कला जगत से मनीष पुष्कले और पद्मश्री से सम्मानित भज्जू श्याम सहित कई नामचीन कलाकार अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
20 दिसंबर को मशहूर गायक राहगीर का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 21 दिसंबर को पद्मश्री गुलाबो सपेरा अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा 20 दिसंबर को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का विशेष व्याख्यान भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
आयोजकों का कहना है कि जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल केवल एक साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक आंदोलन है। इसका उद्देश्य जमशेदपुर को राष्ट्रीय स्तर पर विचार, संवाद और कला के एक सशक्त मंच के रूप में स्थापित करना है।


