Jamshedpur News: लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर के साथ-साथ जमशेदपुर में भी सांसद खेल महोत्सव का आयोजन इन दिनों किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय पहल के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाना है।
इसी कड़ी में जमशेदपुर में आर्चरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने कौशल और निशानेबाजी का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बुधवार को इस आर्चरी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसे देखने के लिए खेल प्रेमियों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद रही।
आर्चरी प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिले के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। सांसद की मौजूदगी से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन देशभर में सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करना है। उन्होंने इसे खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सांसद ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर इस खेल महोत्सव का सफल आयोजन पूरे देश में किया जा रहा है। इससे न केवल खेलों को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि युवा पीढ़ी को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली की ओर भी प्रेरित किया जा रहा है।


