Cyber Blackmail Arrest: चाईबासा के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ साइबर शोषण और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, औरंगाबाद (बिहार) के बटूरी गांव निवासी मो. शमसेर अली उर्फ़ मो. शमसेर आलम, उम्र लगभग 39 वर्ष, ने लॉकडाउन के दौरान फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के माध्यम से पीड़िता का मोबाइल नंबर हासिल किया और उससे लगातार संपर्क बनाए रखा। बातचीत का सिलसिला वॉइस कॉल, वीडियो कॉल और चैट के जरिए आगे बढ़ा, जिसके दौरान आरोपी ने युवती से शादी का वादा किया।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2023 के नवंबर माह में आरोपी ने अचानक शादी करने से इंकार कर दिया। उसका कहना था कि लड़की पक्ष दहेज के रूप में पर्याप्त राशि नहीं दे पा रहा है। इसके बाद आरोपी के भाई निसार अली ने मो. शमसेर की शादी बिहार की ही एक अन्य लड़की से करा दी। यह पूरी बात पीड़िता से छिपाई गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने योजना बनाकर पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कीं और सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इसके बाद उसने पीड़िता और उसके परिजनों से 5 लाख रुपये की मांग की ताकि वह तस्वीरें डिलीट कर सके। रकम न देने पर आरोपी ने धमकी दी और कई प्लेटफॉर्म पर उन तस्वीरों को अपलोड कर दिया, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई।
मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने लिखित शिकायत जगन्नाथपुर थाना में दर्ज कराई। थाना कांड संख्या 73/25 (दिनांक 04.12.2025) के तहत मो. शमसेर अली और उसके भाई निसार अली के विरुद्ध BNS की धारा 77/308(2)/3(5) तथा IT Act 2000 की धारा 66(E), 67 और 67(A) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसकी सूचना अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को भी दी गई।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई और 08 दिसंबर 2025 को औरंगाबाद जिला अंतर्गत कासमा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर मो. शमसेर अली को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान टीम ने आरोपी के पास से वह स्मार्टफोन भी बरामद किया, जिसमें पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें मौजूद थीं। पुलिस ने फोन को जब्ती सूची में दर्ज कर विधिवत सील कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की तकनीकी जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियाँ भी संभव हैं।


