Jharkhand Silver Jubilee: झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर रविवार को राजधानी रांची में मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से “रन फॉर झारखंड” का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधायक कल्पना सोरेन और हजारों प्रतिभागियों की मौजूदगी में इस कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाते हुए रजत जयंती समारोहों की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर राज्यभर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती से जुड़े आयोजनों की श्रृंखला का भी शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य स्थापना दिवस पर झारखंडवासियों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह अवसर हमारे सामूहिक संघर्ष, बलिदान और सपनों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि झारखंड का यह 25वां वर्ष संकल्प, गौरव और विकास का प्रतीक है। “रन फॉर झारखंड” के माध्यम से राज्य की एकता, सामूहिक ऊर्जा और विकास की भावना को नई मजबूती देने का संदेश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने उन सभी वीरों और महान आत्माओं को नमन किया जिनके संघर्ष, कुर्बानी और शहादत की वजह से झारखंड को अलग राज्य का स्वरूप मिला। उन्होंने कहा कि रजत जयंती का यह वर्ष पूरे झारखंड में बड़े उत्सव के रूप में मनाया जाएगा और 15 नवंबर को राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।


