Tata Steel sports: जमशेदपुर के सीतारामडेरा कम्युनिटी सेंटर में टाटा स्टील द्वारा आयोजित दो दिवसीय इंटर सेंटर बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 का समापन 6 और 7 नवंबर को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में अभ्यास कर रहे युवा बॉक्सरों को एक मंच देना और नई प्रतिभाओं को सामने लाना था।
पूर्वी सिंहभूम जिले में टाटा स्टील द्वारा संचालित सभी नौ बॉक्सिंग सेंटर्स ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। इसमें सब-जूनियर, जूनियर और यूथ श्रेणी के लड़के और लड़कियां शामिल हुए। लगभग 125 प्रतिभागियों ने दो दिनों तक चले मुकाबलों में अपनी तकनीक, फुर्ती और जज़्बा दर्शकों के सामने पेश किया।
सबसे खास प्रदर्शन 25 किलोग्राम वर्ग में देखने को मिला, जहां राजेंद्र विद्यालय (घुटीया) में कक्षा तीन में पढ़ने वाली आठ वर्षीय दीपिका सोय ने गोल्ड मेडल हासिल किया। दीपिका की जीत ने पूरे आयोजन में अलग उत्साह भर दिया। उनके पिता, बादल सोय, ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि उनकी बेटी एक दिन सरकारी अधिकारी बने और एक उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में देश का नाम रोशन करे।
दीपिका वर्तमान में डिमना बॉक्सिंग क्लब में कोच विजय सोय से प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच ने बताया कि दीपिका बेहद अनुशासित और परिश्रमी खिलाड़ी हैं। उन्हें पहले भी दो बार वूशु राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में पदक जीतने का गौरव मिल चुका है, जिससे वह जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम का मान बढ़ा चुकी हैं। कोच के अनुसार, दीपिका के खेल में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं नजर आती हैं।
टूर्नामेंट के दौरान सभी खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक था। आयोजकों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल युवा प्रतिभाओं को मंच देती हैं, बल्कि अनुशासन व आत्मविश्वास को भी मजबूत बनाती हैं। टाटा स्टील का यह प्रयास खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


