Chhath Puja: छठ महापर्व के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा जरूरतमंद महिलाओं के लिए विशेष “सूप वितरण समारोह” आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 26 सितंबर को किताड़ीह दुर्गा पूजा मैदान में भव्य रूप से किया जाएगा। कार्यक्रम में कुल 1001 सूप सहित छठ व्रत से जुड़ी संपूर्ण पूजन सामग्री महिलाओं के बीच वितरित की जाएगी।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने जानकारी दी कि यह पहल उन महिलाओं को ध्यान में रखकर की गई है जो छठ व्रत रखना चाहती हैं, पर आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पूजन सामग्री नहीं जुटा पातीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व सूर्य उपासना का प्रतीक है, और इस महापर्व में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना ही भाजयुमो का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम की सफलता को लेकर भाजयुमो की टीम ने पूरी ताकत झोंक दी है। विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। मैदान की साफ-सफाई, वितरण स्थल की सजावट, महिलाओं के बैठने की व्यवस्था और पूजन सामग्री की पैकिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुँच चुका है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम को सामुदायिक उत्सव का स्वरूप दिया जा रहा है।
इस आयोजन के माध्यम से भाजयुमो ने यह संदेश दिया है कि धार्मिक पर्व केवल श्रद्धा का नहीं, बल्कि सेवा और सहयोग का भी प्रतीक है। संगठन ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग देना ही सच्ची पूजा है और इसी भावना के साथ यह कार्यक्रम संपन्न होगा।